
Raipur में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई, 15 दिनों में 91 चालकों पर एक्शन
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम और अपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

रात 11 बजे से 2 बजे तक चेकिंग अभियान
रायपुर यातायात पुलिस शहर के विभिन्न स्थानों पर रात 11:00 बजे से 2:00 बजे तक बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सतीष ठाकुर व गुरजीत सिंह के नेतृत्व में संचालित हो रहा है। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सहायक उप निरीक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के साथ चेकिंग कर रहे हैं।

15 दिनों में 91 चालकों पर कार्रवाई
पिछले 15 दिनों के विशेष अभियान के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में 91 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 32 दोपहिया वाहन चालक, 45 कार चालक, 11 मालवाहक वाहन चालक और 3 ई-रिक्शा/ऑटो चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण माननीय न्यायालय में पेश किए गए। दोषी चालकों पर 10,000 से 15,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया।
वर्ष 2025 में अब तक 1277 चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में 15 सितंबर तक कुल 1277 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, 532 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



