
Raipur:मोबाइल फोन लूट/स्नैचिंग के हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन सुरक्षा के तहत मोबाइल फोन लूट और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने लूटे गए चार मोबाइल फोन, एक दोपहिया वाहन और एक चाकू जब्त किया है।

लालपुर ब्रिज और प्रियदर्शनी नगर में दी थी वारदात को अंजाम
रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में लालपुर ब्रिज और प्रियदर्शनी नगर के पास आरोपियों ने प्रार्थियों को चाकू दिखाकर डरा-धमकाकर मोबाइल फोन लूटने और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपी सुधीर जगत, जो थाना सिविल लाइन का हिस्ट्रीशीटर है, के खिलाफ पहले से मारपीट, लूट और स्नैचिंग जैसे अपराध दर्ज हैं, और वह जेल में भी रह चुका है।

जब्त सामान की कीमत लगभग 1 लाख रुपये
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लूटे/चोरी किए गए मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक चाकू जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 1,00,000/- रुपये आंकी गई है।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम श्री दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम श्री संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती श्री राजेश देवांगन, प्रभारी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना प्रभारी न्यू राजेंद्र नगर ने इस मामले को गंभीरता से लिया।
घटना का विवरण
प्रथम घटना: प्रार्थी रूपेश साहू, जो एशियन मेट्रेस में सेल्स मैनेजर हैं, ने बताया कि 09.09.2025 को शाम करीब 5:00 बजे लालपुर ब्रिज के पास धनवंतरी मेडिकल के निकट वह अपने मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। तभी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस मामले में थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 218/25 धारा 304(2), 3(5) बी.एन.एस. दर्ज किया गया।
दूसरी घटना: प्रार्थी डिकेश्वर साहू, जो जोमैटो में डिलीवरी ब्वॉय हैं, ने बताया कि 08.09.2025 की रात करीब 11:45 बजे वह प्रियदर्शनी नगर में अन्ना पंजाबी रेस्टोरेंट के पास पार्सल लेने जा रहे थे। तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर चाकू दिखाकर डराया, मारपीट की और उनका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 220/25 धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- सुधीर जगत, पिता स्व. शंकर जगत, उम्र 30 वर्ष, निवासी डॉ. राजेंद्र नगर, बूढ़ी माता मंदिर के पास, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
- चाहत सेन, पिता लेखराम सेन, उम्र 23 वर्ष, निवासी पचपेढ़ी धरम नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।.
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



