
Kanker में नक्सली नागेश का 14 फीट ऊंचा स्मारक ध्वस्त, BSF जवानों की बड़ी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों ने एक बार फिर अपनी सख्त उपस्थिति दर्ज कराई है। बीएसएफ की 47वीं बटालियन ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बट्टेकल और परलमस्पि के घने जंगलों में कुख्यात नक्सली नागेश के नाम पर बने 14 फीट ऊंचे स्मारक को ध्वस्त कर दिया है।

भारी बारिश में भी नहीं रुकी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, बीएसएफ जवानों ने भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद अभियान चलाया। जवानों ने बालेर नदी पार की और दुर्गम नालों से होते हुए जंगल में गश्त की। गश्त के दौरान नक्सली स्मारक की पहचान होते ही उसे मौके पर ध्वस्त कर दिया गया। इस स्मारक को नक्सलियों के आत्मप्रचार और क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए बनाया गया था।
नक्सलियों के मनोबल पर करारा प्रहार
बीएसएफ के कमांडेंट के अनुसार, नक्सली अपने मारे गए नेताओं की याद में स्मारक बनाकर क्षेत्रीय युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाइयों से नक्सलियों के मनोबल पर बड़ा असर पड़ा है और स्थानीय जनता का भरोसा भी सुरक्षा बलों पर बढ़ा है। स्मारक हटाने की यह कार्रवाई नक्सली संगठन के प्रचार-तंत्र पर सीधी चोट मानी जा रही है।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि नक्सलियों के पैर इस इलाके में मजबूत न हो पाएं और क्षेत्र में शांति-व्यवस्था कायम रह सके। स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई का समर्थन किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही क्षेत्र पूरी तरह नक्सल समस्या से मुक्त होगा
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



