
Durg में सड़क सुरक्षा के लिए “Opration सुरक्षा’
नो हेलमेट-नो पेट्रोल नीति सख्त, दो दिन में 250 चालान, 1.12 लाख का जुर्माना
दुर्ग, 12 सितंबर 2025। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने कलेक्टर के निर्देश पर “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” नीति को सख्ती से लागू किया जा रहा है। मात्र दो दिनों में पुलिस ने 250 चालान काटे और 1 लाख 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।

भिलाई का सेंट्रल एवेन्यू बना ‘ग्रे स्पॉट’
भिलाई की सेंट्रल एवेन्यू रोड (मुर्गा चौक सेक्टर-1 से सेक्टर-9 चौक तक) को पुलिस ने ‘ग्रे स्पॉट जोन’ घोषित किया है। यहां बिना हेलमेट वाहन चलाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें लगातार जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की पहल है।
पेट्रोल पंपों पर सख्ती
अभियान के तहत सभी पेट्रोल पंप प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि बिना हेलमेट आने वाले वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। गुरुवार को पुलिस ने कई पंपों का औचक निरीक्षण कर नियमों के पालन की स्थिति देखी। पुलिस का मानना है कि इस नीति से दुर्घटनाओं में बड़ी कमी लाई जा सकती है।
सड़क सुरक्षा पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य लोगों को हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। हेलमेट न पहनने से होने वाली दुर्घटनाओं में अक्सर गंभीर चोटें और मृत्यु तक हो जाती है। इस वजह से लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।



