
Operation Suraksha के तहत सड़क सुरक्षा हेतु Traffic Police दुर्ग की सतत कार्यवाही
दुर्ग जिले में ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत ट्रैफिक पुलिस द्वारा हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। दिनांक 9 और 10 सितंबर 2025 को इस अभियान में कुल 250 चालान किए गए और 1,12,000 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर के निर्देश पर “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” नीति के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है।

विशेष रूप से भिलाई क्षेत्र की सेंट्रल एवेन्यू रोड, जो मुरगा चौक से सेक्टर-9 चौक तक ‘ग्रे स्पॉट’ माना जाता है, को “अनिवार्य हेलमेट पहनने वाला क्षेत्र” घोषित किया गया है। इस क्षेत्र सहित पूरे जिले में नियमित जांच अभियान चलाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
इसके अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस दुर्ग के समस्त पेट्रोल पंप प्रबंधकों एवं संचालकों से व्यक्तिगत रूप से अनुरोध करती है कि बिना हेलमेट आए वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। इस दिशा में कड़ी निगरानी भी की जा रही है ताकि नीति का पूर्णतः पालन हो सके।
ऑपरेशन सुरक्षा का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं है, बल्कि नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराना और दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि को रोकना भी है। इस अभियान के परिणामस्वरूप जिले में हेलमेट उपयोग को लेकर जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।

ट्रैफिक पुलिस दुर्ग की अपील:
सभी नागरिकों से अनुरोध है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें। यह छोटा कदम आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और आपके परिवार एवं समाज को सुरक्षित बनाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



