
Nepal हिंसा: 22 की मौत, बंद रहेंगे हवाई अड्डे और पशुपतिनाथ मंदिर
काठमांडू। नेपाल इन दिनों भयावह अराजकता से गुजर रहा है। जेन जेड की अगुवाई में छिड़े हिंसक प्रदर्शनों ने पूरे देश को जकड़ लिया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 500 से अधिक लोग घायल हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा है। सुरक्षा एजेंसियों ने प्रमुख शहरों में सेना तैनात कर दी है।

सरकारी संस्थाओं और भवनों पर हमला
प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट, जिला कोर्ट सहित राष्ट्रपति कार्यालय और मुख्य प्रशासनिक भवन सिंहदरबार को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास और प्रमुख राजनीतिक दलों के दफ्तरों में भी तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें हैं। कई इलाकों में आग अब तक बुझाई नहीं जा सकी है।
कैदियों का सामूहिक पलायन
देश में हिंसा की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई जेलों पर प्रदर्शनकारी टूट पड़े। पोखरा जेल से करीब 900 कैदी भाग गए। महोत्तरी के जलेश्वर जेल से 572 कैदी भागे, जहां प्रदर्शनकारियों और कैदियों ने मिलकर जेल की दीवार गिरा दी। काठमांडू की नाखू जेल पर धावा बोला गया और सभी कैदियों को रिहा कर दिया गया।
धार्मिक स्थल और हवाई अड्डे प्रभावित
नेपाल का सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल पशुपतिनाथ मंदिर बुधवार को बंद रखने का फैसला लिया गया है। यहां सुरक्षा के लिए नेपाली सेना तैनात है। वहीं, हिंसा की वजह से देशभर के हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया है। काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सेना के कब्जे में है और शाम 6 बजे तक उड़ानें निलंबित रहेंगी।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
नेपाल की बिगड़ती स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मौतों की घटनाएं दुखद हैं और सरकार को मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए शांति बहाल करनी चाहिए। इस बीच भारत और रूस ने भी नेपाल को हिंसक प्रदर्शनों से निपटने के लिए सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। रूस ने अपने नागरिकों को नेपाल यात्रा स्थगित करने और मौजूदा नागरिकों को दूतावास से संपर्क में रहने की सलाह दी है।

नेपाल हिंसा पर पांच ताजा अपडेट
- नेपाल में अब तक 22 मौतें और 500 से ज्यादा लोग घायल।
- प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने बढ़ते दबाव में इस्तीफा दिया।
- पोखरा, जलेश्वर और काठमांडू की जेलों से हजारों कैदी फरार।
- देशभर के हवाई अड्डे बंद, त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट सेना के कब्जे में।
- पशुपतिनाथ मंदिर पहली बार तालाबंदी के चलते बंद, सेना ने सुरक्षा संभाली।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



