
रायपुर में Ring Road Service Road चौड़ीकरण: 3 लाख से ज्यादा आबादी को मिलेगी राहत
राजधानी रायपुर में रिंग रोड क्रमांक 1 अब पूरी तरह से घनी आबादी से घिर चुका है। इस रोड पर हर दिन यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है, जिससे आसपास की कॉलोनियों और मोहल्लों में रहने वाले लगभग 3 लाख से ज्यादा लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही है। संकरी और खराब सर्विस रोड के कारण लोगों को भारी भरकम वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जो लगातार खतरे का कारण बन रहा है।

ट्रैफिक जाम और खतरे की स्थिति
रिंग रोड का चौड़ीकरण साल 2007-08 में किया गया था। उस समय जितनी गाड़ियां इस मार्ग से गुजरती थीं, उसकी तुलना में अब यातायात लगभग दोगुना हो गया है। लंबे समय में इस रोड के आसपास कॉलोनियां इतनी तेजी से बसी हैं कि उनके लिए आंतरिक (कनेक्टिविटी रोड) मार्ग भी न के बराबर हैं।
इस वजह से लोग सीधे सर्विस रोड पर पहुँचते हैं और भारी गाड़ियों के बीच निकलने को मजबूर होते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। तेलीबांधा से टाटीबंध चौक तक की 8 किलोमीटर की सर्विस रोड कई जगह मात्र 10-10 फीट चौड़ी है, तो कई हिस्सों में बड़े गड्ढे भी हैं।
चौड़ीकरण का प्रस्ताव और तैयारी
जैसे ही इस इलाके में अंडरग्राउंड बिजली केबलिंग का काम पूरा होगा, वैसे ही सर्विस रोड चौड़ीकरण की शुरुआत होगी। बिजली के खंभे हटने से सड़क चौड़ी करने में आसानी होगी। योजना के अनुसार सर्विस रोड दोनों ओर 20 से 30 फीट तक चौड़ी की जाएगी।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की निर्माण एजेंसी रायपुर एक्सप्रेस प्रा. लि. इस प्रोजेक्ट के लिए जिम्मेदार है। कंपनी को इस रिंग रोड के मेंटेनेंस और चौड़ीकरण का जिम्मा सौंपा गया है। इसके लिए मंदिरहसौद टोल नाका पर शुल्क लिया जा रहा है।

ट्रैफिक दबाव और बेहतर सुविधा की उम्मीद
वर्तमान में तेलीबांधा से टाटीबंध चौक तक से गुजरने वाले वाहनों की संख्या डेढ़ से दो लाख प्रतिदिन तक पहुँच चुकी है। ऐसे में मौजूदा हालत में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौड़ीकरण होने के बाद न केवल ट्रैफिक दबाव कम होगा बल्कि कॉलोनियों और मोहल्लों के लोगों को भारी वाहनों के बीच से गुजरना नहीं पड़ेगा।
मैनेजमेंट का कहना है कि जल्द ही राजेंद्रनगर और भाठागांव ओवरब्रिज के पास जैसी चौड़ी सर्विस रोड है, वैसी ही चौड़ाई पूरे आठ किलोमीटर क्षेत्र में कर दी जाएगी। इसका सीधा फायदा स्थानीय निवासियों और नियमित यात्रियों दोनों को मिलेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



