
Raigarh में अवैध संबंध के शक में भाभी-देवरानी में मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे मां-बेटे भी घायल
रायगढ़, 07 सितंबर 2025 | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सलखिया में अवैध संबंध के शक को लेकर भाभी और देवरानी के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों के बीच हुई मारपीट में बीच-बचाव करने आए मां और बेटे को भी चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी।

अवैध संबंध के शक से भड़की देवरानी
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सलखिया निवासी मनमति चौहान (38) रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। उसकी शादी ग्राम केकराझरिया निवासी धोबाराम चौहान से हुई थी, लेकिन करीब एक साल पहले पति की मृत्यु हो चुकी है। मनमति की एक बेटी और 15 वर्षीय बेटा अरुण चौहान है। दूसरी ओर, ग्राम पिपराही निवासी सरस्वती चौहान, जो मनमति की देवरानी है, को शक था कि मनमति का उसके पति ओमप्रकाश चौहान के साथ अवैध संबंध है। इस शक के चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घर पहुंचकर कर दी पिटाई
27 अगस्त की दोपहर सरस्वती चौहान मनमति के घर पहुंची और अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सरस्वती ने गाली-गलौज करते हुए मनमति पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मनमति की चीख सुनकर उसका बेटा अरुण चौहान और उसकी मां बुधवारों बाई बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन, सरस्वती ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे तीनों को आंख, पैर, कमर और कान में चोटें आईं।
गांव में मचा हंगामा, फिर दर्ज हुई रिपोर्ट
घटना के बाद गांव में हंगामा मच गया। ग्रामीणों ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों के बीच राजीनामा कराने की कोशिश की गई। लेकिन सहमति न बनने पर मनमति ने लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने गांव के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।
पुलिस ने किया केस दर्ज
लैलूंगा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सरस्वती चौहान के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS और 351(2)-BNS के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



