
Raipur पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.100 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सिविल लाइन और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने खादी भंडार पंडरी के पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

मादक पदार्थ गांजा के साथ उत्तम दीप और अविनाश मंधानी गिरफ्तार
पुलिस ने इस कार्रवाई में उत्तम दीप और अविनाश मंधानी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11.100 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा और एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है। जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 1,10,500 रुपये आंकी गई है।
सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नारकोटिक्स एक्ट के तहत नशे की बिक्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी कड़ी में 05 सितंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि खादी भंडार पंडरी के पास एक व्यक्ति क्रीम रंग का टी-शर्ट और भूरे रंग का पैंट पहने हुए गांजा बेचने की फिराक में है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन और एसीसीयू की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापा मारा। मुखबिर की सूचना के आधार पर हुलिए के अनुसार व्यक्ति को चिह्नित कर पकड़ा गया, जिसने अपना नाम उत्तम दीप, पिता जागेश्वर दीप, निवासी तरुण नगर, पंडरी, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
उड़ीसा से गांजा लाकर बेचने का खुलासा
आरोपी उत्तम दीप से कड़ाई से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह उड़ीसा के भवानीपटना से गांजा लाकर अविनाश मंधानी और एक स्थानीय महिला को सप्लाई करता था। इसके एवज में उसे प्रति किलो 1,000 रुपये कमीशन और उड़ीसा आने-जाने का खर्च मिलता था। उत्तम दीप की निशानदेही पर अविनाश मंधानी को भी गिरफ्तार किया गया। अविनाश ने अपराध स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन उपलब्ध कराया, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 428/25, धारा 20(बी), 27(क) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब प्रकरण में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
उत्तम दीप, पिता जागेश्वर दीप, उम्र 22 वर्ष, निवासी: तरुण नगर, बारह खोली के पास, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
अविनाश मंधानी, पिता पवन मंधानी, उम्र 33 वर्ष, निवासी: झंडा चौक, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



