
NHM कर्मचारियों की हड़ताल 19वें दिन भी जारी, रंगोली बनाकर जताया विरोध
रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की हड़ताल 19वें दिन शुक्रवार को भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने रंगोली बनाकर अपनी विभिन्न मांगों और विरोध की आवाज ऊंची की। रंगोली में उनकी समस्याएं और मांगें लिखी गईं, जिससे उन्होंने जनसमूह और सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।

बर्खास्तगी के खिलाफ विरोध की शुरुआत
स्वास्थ्य विभाग ने 3 सितंबर को 25 कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था, जिसके विरोध में गुरुवार को 16 हजार से अधिक NHM कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि सामूहिक इस्तीफा मान्य नहीं होता, इसलिए कर्मचारी हड़ताल जारी रखे हुए हैं।
ग्रामीण और शहरी अस्पताल प्रभावित
हड़ताल की वजह से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों सहित राजधानी रायपुर के अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। कई अस्पताल ताले लटका चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही हैं। मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं और अस्पतालों में भीड़ बढ़ रही है।

जीवन दीप समिति के कर्मचारियों पर दबाव
जीवन दीप समिति के कर्मचारी, जिनकी भूमिका सहयोगी हैं और जिन्हें कोई उचित प्रशिक्षण नहीं मिला है, उन पर भी ड्यूटी का दबाव बढ़ाया जा रहा है। इससे स्वास्थ्य सेवा में और अधिक असुविधा उत्पन्न हो रही है। कई अस्पतालों में सूचना बोर्ड लगाकर मरीजों को असुविधा के लिए खेद भी प्रकट किया गया है।



