
CM साय को दीपक बैज का पत्र: बगीचा हादसा पीड़ितों को 50-50 लाख मुआवजे की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के बगीचा में 3 सितंबर को गणेश विसर्जन के दौरान हुए भीषण हादसे को लेकर राजनीति तेज हो गई है। इस दुर्घटना में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है और प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक मदद की मांग की है।

50-50 लाख मुआवजे की अपील
बैज ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि बगीचा हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रत्येक 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही घायलों को समुचित आर्थिक सहायता और नि:शुल्क व बेहतर इलाज मुहैया कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लिखा कि इस भीषण दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। निर्दोष लोगों की असमय मौत ने उनके परिवारों पर गहरा संकट ला दिया है, जिसे केवल संवेदनशील और ठोस सहायता के जरिए ही कुछ हद तक कम किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के गृह जिले में हादसा
बैज ने इस तथ्य पर भी जोर दिया कि यह हादसा खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले में हुआ है। ऐसे में जनता उनसे स्वाभाविक रूप से संवेदनशीलता और त्वरित सहयोग की अपेक्षा रखती है। इसलिए राज्य सरकार को किसी भी देरी के बिना ठोस कदम उठाने चाहिए।
कांग्रेस सरकार के समय का उदाहरण
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब जशपुर जिले के पत्थलगांव में इसी प्रकार का एक दुःखद हादसा हुआ था। उस समय तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने मृतक परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। अब वर्तमान सरकार को भी उसी परंपरा का पालन करते हुए पीड़ित परिवारों को राहत देनी चाहिए।

जनता में गुस्सा और शोक
बगीचा हादसे को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश और शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों और घायलों के परिवारों को अब तक उम्मीद है कि सरकार जल्द से जल्द राहत की घोषणा करेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



