
Raigarh में फर्जी ट्रांसफर का खेल, ग्रामीण चिकित्सा सहायक पर FIR दर्ज
रायगढ़ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक ग्रामीण चिकित्सा सहायक ने फर्जी ट्रांसफर आदेश बनाकर अपनी पदस्थापना बदलवाने का प्रयास किया। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ, जब स्वास्थ्य विभाग को पता चला कि संबंधित कर्मचारी के नाम कोई ट्रांसफर आदेश जारी ही नहीं हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) रायगढ़ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

फर्जी दस्तावेज से ट्रांसफर का खेल
जानकारी के अनुसार, आरोपी रामसेवक साहू जतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा ग्रामीण चिकित्सा सहायक के पद पर कार्यरत था। उसने 19 अगस्त को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ के नाम से एक कथित ट्रांसफर आदेश विभाग को प्रस्तुत किया। इस आदेश में उसका तबादला जतरी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छुरीकला, जिला कोरबा के लिए दर्शाया गया था। इस दस्तावेज के आधार पर विभाग ने उसे कार्यमुक्त भी कर दिया।

रायपुर से खुला राज़
मामले का खुलासा गुरुवार को तब हुआ, जब CMHO रायगढ़, अनिल कुमार जगत (51) को रायपुर स्थित उच्च विभाग से सूचना मिली कि रामसेवक साहू के नाम से कोई ट्रांसफर आदेश जारी नहीं किया गया है। इसके बाद विभाग ने मामले की गहन जांच की, जिसमें पाया गया कि साहू ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से ट्रांसफर करवाया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
CMHO की शिकायत के आधार पर रायगढ़ पुलिस ने आरोपी रामसेवक साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), और 338 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



