
Jharkhand के पलामू जिले में बुधवार की देर रात नक्सलियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में दो पुलिस जवान शहीद हो गए
यह मुठभेड़ प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) के 10 लाख के इनामी कमांडर शशिकांत गंझू के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन के दौरान हुई।

मुठभेड़ मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव के जंगल में रात करीब 1 से डेढ़ बजे के बीच हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शशिकांत गंझू करमा पर्व मनाने के लिए अपने गांव केदल पहुंचा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर सर्च अभियान चलाया और जैसे ही पुलिस की टीम गांव के करीब पहुंची, नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन जवान घायल हुए। घायल जवानों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शहीद जवानों की पहचान संतन कुमार मेहता और सुनील राम के रूप में हुई है। इनमें से एक जवान पलामू पुलिस के एएसपी का बॉडीगार्ड था। घायल जवान रोहित कुमार का इलाज चल रहा है। शशिकांत गंझू पलामू और चतरा जिलों में टेरर एक्टिविटी की कमान संभाले हुए था और इस इलाके में उसका गहरा प्रभाव माना जाता है।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आसपास के गांवों में भी पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह मुठभेड़ नक्सली प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की सक्रियता और नक्सलियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को दर्शाती है। इससे पहले इस वर्ष अप्रैल में झारखंड के बोकारो जिले में भी नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी कमांडर सहित कई नक्सली मारे गए थे।
यह घटनाक्रम नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों की तत्परता और शहीदों के बलिदान को भी उजागर करता है, जो राज्य में शांति बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



