
अमित शाह ने ‘Operation Black Forest ‘ में सफल जवानों को किया सम्मानित
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर चलाए गए ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा बटालियन के जवानों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कर्रेगुट्टालु क्षेत्र से बड़े पैमाने पर हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की। यह अभियान नक्सलियों के गढ़ को कमजोर करने और क्षेत्र को उनकी गतिविधियों से मुक्त कराने के लिए शुरू किया गया था।
अमित शाह ने जवानों के साहस, समर्पण और रणनीतिक सफलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान नक्सलियों के खिलाफ सरकार की दृढ़ता और सुरक्षा बलों की क्षमता का उदाहरण है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवानों को बधाई दी और राज्य सरकार की ओर से हर संभव समर्थन जारी रखने का आश्वासन दिया।

इस कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ की झलकियों पर आधारित वीडियो भी दिखाई गई, जिसने वहां मौजूद सभी को जवानों के समर्पण और बहादुरी के प्रति गौरवान्वित किया।
यह सम्मान समारोह छत्तीसगढ़ में शांति स्थापना के प्रयासों में एक अहम पड़ाव माना जा रहा है, जो सुरक्षा बलों व सरकार के संयुक्त प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



