
BIJAPUR में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: 16 नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत जिला पुलिस और सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 16 सक्रिय नक्सली सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।

संयुक्त टीम ने किया अभियान
यह अभियान डीआरजी बासागुड़ा, गंगालूर, जांगला, कोबरा 210, कोबरा 202 और केरिपु 229 की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया। थाना बासागुड़ा क्षेत्र से 2 नक्सली, गंगालूर से 6 नक्सली और जांगला इलाके से 8 नक्सली दबोचे गए।
बरामद सामग्री
गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली प्रचार सामग्री जब्त की गई। इसमें शामिल हैं:
- आईईडी
- कुकर बम और टिफिन बम
- कार्डेक्स वायर, सेटी यूज, मल्टीमीटर
- बिजली के तार और जमीन खोदने के औज़ार
- माओवादी संगठन के बैनर, पोस्टर और पंपलेट

पुलिस को नुकसान पहुँचाने की साजिश थी तैयार
गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि वे पुलिस पार्टी को नुकसान पहुँचाने के लिए आईईडी विस्फोट की योजना बना रहे थे। गवाहों की मौजूदगी में सुरक्षाबलों ने सभी विस्फोटक और नक्सली सामग्री जब्त की।
अभियान से बढ़ा मनोबल
इस बड़ी सफलता के बाद सुरक्षाबलों का मनोबल और मजबूत हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में इस तरह की अभियान और तेज किए जाएंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



