
Bhilai की 16 साल की नाबालिग लड़की 7 दिन से लापता, मां ने सोशल मीडिया पर लगाई गुहार
भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के उमदा क्षेत्र से 16 साल की एक नाबालिग लड़की पिछले सात दिनों से लापता है। 27 अगस्त की सुबह 8 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसी दिन भिलाई-3 थाने में पुलिस को सूचना दी, लेकिन गुमशुदगी की रिपोर्ट 24 घंटे बाद ही दर्ज की गई।

मां ने सोशल मीडिया पर रोते हुए लगाई गुहार
लापता लड़की की मां उगाला बंजारे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर प्रशासन से अपनी बेटी को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। वीडियो में रोते हुए उन्होंने कहा, “मेरी 16 साल की बेटी सात दिन से गायब है। पुलिस कोई मदद नहीं कर रही। मैं बार-बार थाने जा रही हूं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा। कृपया मेरी बेटी को ढूंढ दीजिए। मैं पूरी तरह बेसहारा हूं।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

काम पर गई और फिर गायब हो गई
उगाला बंजारे ने बताया कि उनकी बेटी रोज की तरह काम पर जाने के लिए सुबह घर से निकली थी। दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन भिलाई-3 थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण उनकी बेटी का पता नहीं चल सका। उगाला बंजारे ने कहा कि उन्होंने 27 अगस्त को सुबह से ही थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे बाद ही गुमशुदगी का मामला दर्ज करने की बात कही। आखिरकार 28 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने पहले दिन ही सक्रियता दिखाई होती, तो शायद बेटी का पता लगाया जा सकता था।
पुलिस का बयान- लापरवाही नहीं, जांच जारी
भिलाई-3 थाना प्रभारी अंबर सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा, “हम केस की प्रगति पर नजर रखे हुए हैं और जल्द ही लड़की का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।”
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



