
Raipur में नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान: पहले दिन ही नियमों की अनदेखी
रायपुर। प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर लागू किए गए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान के पहले दिन ही नियमों की जमकर अनदेखी देखने को मिली। 1 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना है, लेकिन शहर के कई पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट वालों को पेट्रोल परोसते देखा गया।

जागरूकता के नाम पर ढील
पत्रिका की टीम ने सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का दौरा किया, जहां बिना हेलमेट पहने चालक पेट्रोल लेने के लिए लंबी लाइन में खड़े थे। कर्मचारियों ने न तो हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया और न ही कोई कड़ा रवैया अपनाया।
- पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के पास की हिंदुस्तान पेट्रोलियम में बिना हेलमेट पहने कई बाइक चालकों को पेट्रोल मिला, जबकि कोई जागरूकता पोस्टर भी नहीं लगा था।
- आरके कॉलेज के सामने भारत पेट्रोलियम में भी इसी तरह कोई जागरूकता नहीं दिखी, जहां कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई आदेश नहीं मिला है।
- रायपुरा स्थित पेट्रोल पंप में केवल दिखावे के लिए पोस्टर लगे थे, लेकिन बाइक चालकों को हेलमेट पहनने के लिए समझाइश नहीं दी गई।
- न्यू राजेंद्र नगर स्थित भारत पेट्रोलियम में शाम को पहुंचे दल ने फिर पाया कि हेलमेट पहनने के लिए जागरूकता का कोई प्रयास नहीं हो रहा है, कर्मचारियों का जवाब था “बस ऐसे ही”।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन का नरम रवैया
रायपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने 1 सितंबर से इस अभियान को लागू करने का निर्णय लिया है और शुरुआत में चालकों को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं देने की बात कही थी। यह कदम प्रदेश में सड़क हादसों में हो रही मौतों को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा था। लेकिन अभियान के पहले दिन ही इस पर अमली जामा नहीं पहनाया गया और न ही एसोसिएशन के अधिकारी सक्रिय दिखाई दिए।

सुरक्षा और नियम पालन की जरूरत
‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान का उद्देश्य सिर्फ नियम लागू करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना और कारगर बदलाव लाना है। हेलमेट पहनना दोपहिया चालकों के जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। बावजूद इसके, राजधानी रायपुर में इस अभियान को उस गंभीरता से नहीं लिया जा रहा जिस तरह से इसे लेने की जरूरत है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



