
BASTAR में भारी बारिश से हाहाकार: डोंगी पलटी, दो बच्चियां डूबीं, सड़कों पर यातायात ठप
27 अगस्त 2025 ,बस्तर संभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई नदियां उफान पर हैं, पुल-पुलिया बह गए और सड़कों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन और नगरसेना की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

नेलगुंडा घाट में डोंगी हादसा
सोमवार शाम नेलगुंडा घाट पर बड़ा हादसा हो गया। डोंगी पलटने से बेलनार गांव की दो बच्चियां नदी में डूब गईं। मंगलवार को भी उनकी तलाश जारी रही। अन्य ग्रामीण तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गए थे। नगरसेना और प्रशासनिक टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

परियागुड़ा-गढ़िया मार्ग बंद
भारी जलभराव के चलते परियागुड़ा-गढ़िया मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालात का जायजा लेने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, सांसद महेश कश्यप और महापौर संजय पाण्डे मौके पर पहुंचे और प्रभावितों से मुलाकात की।
रायकोट और आमागुड़ा में तबाही
रायकोट में तेज बारिश से पुलिया बह गया, जिससे लोडिंग प्वाइंट तक जाने का रास्ता बंद हो गया। आमागुड़ा मार्ग पर एक विशाल पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। डिमरपाल में खेतों के बीच एक घर में फंसे युवक को एसडीआरएफ और परपा पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।
दंतेवाड़ा-बीजापुर मार्ग बाधित
लगातार बारिश से बंजारिन घाटी और चेरपाल नदी उफान पर हैं। नेशनल हाइवे-63 पर पानी बहने से यातायात ठप हो गया। बीजापुर-गंगालूर मार्ग और बीजापुर-जगदलपुर मार्ग भी डूब गए। कई मालवाहक वाहन, बसें और टैक्सियां बीच रास्ते में फंसी रहीं। भैरमगढ़ के ग्वारामारा में इंद्रावती नदी के तेज बहाव में एक युवक फंस गया। विधायक विक्रम मंडावी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे।

सुकमा में नदी उफान पर
सुकमा जिले में मंगलवार शाम शबरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। झापरा पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे सुकमा और ओडिशा (मलकानगिरी) का सड़क संपर्क टूट गया। वहीं तोंगपाल-मारेंगा मार्ग पर बने पुल के दोनों किनारे कटकर बह गए। दर्जनों घरों में पानी घुसने की खबर है।
ड्रोन से रेस्क्यू
बस्तर में नगरसेना की टीम ने ड्रोन की मदद से एक युवक को तेज बहाव से बचाया। फिलहाल लगातार बारिश और नदी-नालों के उफान से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



