
मुख्य सचिव अनुराग जैन को मिल सकता है Extensions , CM शाह की मुलाकात में चर्चा तेज
भोपाल, 27 अगस्त 2025 मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को सेवा विस्तार (Extension) मिलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को इस माह की पांचवीं बार दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान प्रशासनिक मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक नियुक्तियों और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा हुई।

31 अगस्त को खत्म हो रहा कार्यकाल
मुख्य सचिव अनुराग जैन का कार्यकाल 31 अगस्त को समाप्त हो रहा है। ऐसे में यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि उन्हें सेवा विस्तार मिलेगा या प्रदेश को नया मुख्य सचिव। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने इस विषय पर भी केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की है। जैन को 1 अक्टूबर 2024 को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था और तब से वे सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
निगम-मंडल नियुक्तियों पर भी चर्चा
मप्र भाजपा के लिए निगम-मंडलों में नियुक्तियां फिलहाल सबसे बड़ा मुद्दा है। माना जा रहा है कि कई वरिष्ठ नेता अपने समर्थकों को जगह दिलाने की कोशिश में हैं। विधिवत रायशुमारी के बावजूद सहमति नहीं बन पा रही है, ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व का हस्तक्षेप जरूरी माना जा रहा है।

सिंहस्थ-2028 पर रोडमैप
दिल्ली बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सरकार ने अब तक किए गए कार्यों और आगे की योजनाओं का रोडमैप प्रस्तुत किया। भीड़ प्रबंधन, लोक परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई। बताया गया कि प्रदेश सरकार इस महाकुंभ को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी कर रही है।

राजनीतिक संदेश भी अहम
सीएम डॉ. मोहन यादव का बार-बार दिल्ली दौरा और शीर्ष नेतृत्व से लगातार संवाद इस बात का संकेत है कि प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक रणनीति पर उच्चस्तरीय समन्वय जारी है। अनुराग जैन को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें सेवा विस्तार मिल सकता है, क्योंकि इस समय बड़े आयोजन और प्रशासनिक चुनौतियों में उनका अनुभव सरकार के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



