
झारखंड से कुख्यात Gangster मयंक सिंह को रायपुर लाएगा ATS
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ सुनील कुमार मीणा को झारखंड एटीएस ने अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर लिया है। शनिवार को उसे रांची लाकर रामगढ़ कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। अब छत्तीसगढ़ एटीएस (आतंकवाद निरोधी दस्ता) मयंक को रायपुर लाने की तैयारी में जुट गई है। मयंक पर 13 जुलाई 2024 को रायपुर के तेलीबांधा रिंग रोड स्थित पीआरए ग्रुप के दफ्तर में गोलीबारी की साजिश रचने का आरोप है।
आपराधिक इतिहास
राजस्थान के नयी मंडी थाना क्षेत्र, जीडीएस पुरानी मंडी घड़ासहन का रहने वाला मयंक सिंह छत्तीसगढ़ में सक्रिय अमन साव गिरोह के साथ मिलकर रंगदारी वसूली, सड़कों पर आतंक फैलाने, कोयला ठेकेदारों और बड़े कारोबारियों को धमकाने और गोली चलवाने जैसे संगीन अपराधों में शामिल रहा है। पुलिस और एटीएस उसकी रायपुर में हुई आपराधिक गतिविधियों की गुत्थी सुलझाने के लिए पूछताछ करेगी।

इंटरपोल और प्रत्यर्पण
सुनील मीणा के खिलाफ इंटरपोल ने 10 अक्टूबर 2024 को रेड कार्नर नोटिस जारी किया था। इसी आधार पर उसे 29 अक्टूबर 2024 को अजरबैजान की राजधानी बाकू से हिरासत में लिया गया। गौरतलब है कि मार्च में झारखंड एटीएस रायपुर जेल में बंद अमन साव को पूछताछ के लिए झारखंड ले जा रही थी, तब रास्ते में चैनपुर इलाके में उसके गुर्गों ने एटीएस वाहन पर बम फेंकने की कोशिश की थी। मुठभेड़ में अमन साव मारा गया।
रायपुर लाने की तैयारी
छत्तीसगढ़ एटीएस सूत्रों के अनुसार, मयंक सिंह के खिलाफ रायपुर में पहले से कई मामले दर्ज हैं। चूंकि अमन साव अब नहीं है, इसलिए मयंक को जल्द से जल्द ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां उसके रायपुर कनेक्शन को लेकर सतर्क हैं। मयंक से छत्तीसगढ़ और झारखंड के आपराधिक नेटवर्क की कई परतें उजागर होने की उम्मीद है, जिससे आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां संभव हैं।
आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह संबंध
मीणा उर्फ मयंक सिंह पर झारखंड के रांची, गिरिडीह, रामगढ़, पलामू और हजारीबाग जिलों के अलावा छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास और व्यापारियों, कोयला ठेकेदारों, रेलवे ठेकेदारों को धमकी देने के 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ है और विदेश में रहकर कारोबारियों से रंगदारी वसूलता था।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



