
Chhattisgarh में बाढ़ का कहर: Bilaspur में 3 बच्चों की मौत, बीजापुर में 2 बच्चियां लापता
Chhattisgarhके कई जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सोमवार को बिलासपुर जिले के खोंगसरा इलाके में बड़ा हादसा हुआ। मरही माता मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे एक ही परिवार के चार बच्चे अचानक आए बाढ़ के पानी में बह गए। इनमें से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक की तलाश जारी है।

मृतकों की पहचान गौरी ध्रुव (13), मुस्कान ध्रुव (13) और नितांश ध्रुव (5) के रूप में हुई है। ये सभी बलौदाबाजार जिले के भाटापारा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि अचानक तेज बहाव आने से यह हादसा हुआ।

इसी तरह पचपेड़ी थाना क्षेत्र के टांगर गांव में एक 12 वर्षीय बालक लीलगर नदी के उफान में बह गया। वह साइकिल से एनीकट पार कर रहा था, तभी तेज बहाव के कारण पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब मंगलवार को रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू होगा।
बीजापुर में नाव हादसा, 2 बच्चियां लापता
बीजापुर जिले में सोमवार सुबह इंद्रावती नदी में बड़ा हादसा हुआ। एहकेली गांव से नलगोंडा जाते समय धान मिलिंग के लिए जा रहे ग्रामीणों और स्कूली बच्चियों से भरी डोंगीनुमा नाव तेज बहाव में पलट गई। नाव में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें से 9 को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चियां मनीषा (10) और शर्मिला उज्जी (11) तेज बहाव में बह गईं।
गोताखोरों और नगर सेना की टीम ने लगभग 10 किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन बच्चियों का पता नहीं चला। अंधेरा होने के कारण खोजबीन रोक दी गई है, जिसे मंगलवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
इंद्रावती नदी के एहकेली और नलगोंडा घाट के बीच करीब 500 मीटर की चौड़ाई है। आसपास के 13 गांवों के लोग नदी पार करने के लिए डोंगी पर निर्भर हैं। हर साल इस नदी में नाव हादसे की घटनाएं सामने आती हैं।
प्रशासन सतर्क, रेस्क्यू जारी
फिलहाल भैरमगढ़ तहसीलदार, पुलिस, पटवारी और नगर सेना की टीमें मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



