
कापसी में महिला की संदिग्ध मौत, स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल
Pakhanjor कापसी बाजार में बसंत मेडिकल नामक एक दुकान पर इलाज के दौरान महिला की संदिग्ध मौत ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बिना डिग्री और लाइसेंस वाले झोला छाप चिकित्सक ने महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
झोला छाप डॉक्टर का खेल जारी
घटना के बाद भी आरोपी झोला छाप चिकित्सक बेखौफ इलाज कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक न तो दुकान सील की और न ही संचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई की। इससे यह साफ होता है कि विभाग की लापरवाही और मिलीभगत के कारण ये गैरकानूनी काम खुलेआम चल रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि “मेडिकल लाइसेंस का खेल” लगातार जारी है। ऐसे लोग मेडिकल की दुकान चला रहे हैं जिनके पास वैध लाइसेंस नहीं है। दूसरे राज्यों से फार्मासिस्ट के नाम पर लाइसेंस लेकर दवाइयां बेची जा रही हैं।

घटना पर आक्रोश, कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल एक महिला की मौत का मामला नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र और प्रशासन की विफलता का परिणाम है। अगर समय पर निगरानी होती तो यह घटना टल सकती थी।
राजनीतिक प्रतिक्रिया और अधिकारियों का बयान
कांग्रेस नेता रूप सिंह पोर्ते ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि अपराध है। उन्होंने तुरंत जांच कमेटी गठित कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।
यह केवल एक महिला की मौत नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की नाकामी का मामला है।
👉 *हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें*👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



