
Sarangarh – Bilaigarh में 50 लाख की Bank धोखाधड़ी का खुलासा, SBI Kiosk संचालक गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रिटायर्ड शिक्षक और उसके परिवार से 50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी कियोस्क संचालक इमरान खान (33) ने स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन (SI) सिस्टम का दुरुपयोग कर शिक्षक के खाते से 35 लाख रुपए गायब कर दिए। इसके अलावा, शिक्षक के बेटे और बहू को फर्जी एफडी (FD) दस्तावेज देकर 15 लाख रुपए हड़प लिए। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुई ठगी
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड शिक्षक आनंद राम वैष्णव पवनी नगर में परिवार के साथ रहते थे। वह 1992 में शिक्षा विभाग से रिटायर हुए थे। 2016 में उनकी तबीयत खराब होने पर इमरान घर जाकर बायोमेट्रिक के जरिए पैसे निकालने में मदद करता था। इसी दौरान उसने SI सिस्टम एक्टिवेट कर दिया। इससे पेंशन का कुछ हिस्सा हर महीने उसके खाते में ट्रांसफर होने लगा। इस तरह 2016 से 2024 तक 35 लाख रुपए खाते से निकाल लिए।

पिता की मौत के बाद जब परिवार ने अकाउंट चेक किया तो उसमें केवल 80 हजार रुपए बचे थे। बैंक स्टेटमेंट में हर महीने आरोपी और उसके पिता के खाते में पैसे ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ।
FIR और गिरफ्तारी
पीड़ित परिवार ने 15 अप्रैल 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पहले पुलिस ने आरोपी के पिता को गिरफ्तार किया था। इमरान फरार था, जिसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रकम का इस्तेमाल शादी-विवाह, मेडिकल दुकान और ट्रेडिंग में किया।

पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से कंप्यूटर सिस्टम, बायोमेट्रिक डिवाइस, फर्जी सील, पासबुक और दो एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में और लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

क्या है SI सिस्टम
SI यानी स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन। इसमें ग्राहक बैंक को अनुमति देता है कि वह किसी तय तारीख को स्वतः राशि डेबिट कर किसी खाते में ट्रांसफर कर दे। इस वजह से ग्राहक को हर बार बैंक शाखा नहीं जाना पड़ता।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



