
Bijapur में IED Blast: DRG का जवान शहीद, तीन घायल
Chhattisgarh के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED ब्लास्ट में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान शहीद हो गया, जबकि तीन जवान घायल हो गए हैं। यह घटना रविवार सुबह भोपालपटनम थाना क्षेत्र के उल्लूर जंगल में हुई।
जानकारी के मुताबिक, 17 अगस्त को DRG की टीम नक्सल विरोधी अभियान के तहत नेशनल पार्क क्षेत्र में सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान 18 अगस्त की सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान IED विस्फोट हो गया। धमाके में जवान दिनेश नाग शहीद हो गया, जबकि तीन अन्य जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों की हालत सामान्य बताई जा रही है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किया जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
हाल ही में हुई बड़ी कार्रवाई
इससे पहले 6 अगस्त को बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर किया था। वहीं, एनकाउंटर के डर से एक महिला नक्सली समेत 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। इन 9 नक्सलियों में 6 पर कुल 24 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

इसके अलावा, 26 जुलाई को बासागुड़ा इलाके में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई कर 17 लाख रुपए के इनामी चार नक्सलियों को मार गिराया था। मुठभेड़ में 2 महिला और 2 पुरुष नक्सली ढेर हुए थे, जिनके पास से INSAS, SLR समेत बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने कहा था कि 2024 से अब तक सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक बढ़त बनाई है। जनवरी 2024 से जुलाई 2025 तक 425 हार्डकोर नक्सली मारे जा चुके हैं, जो बलों की प्रतिबद्धता और रणनीति का प्रमाण है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



