March 2, 2026
Bilaspur में चाकूबाजी और हिंसा की घटनाएं: युवक पर जानलेवा हमला, कई आरोपी गिरफ्तार

Bilaspur में चाकूबाजी और हिंसा की घटनाएं: युवक पर जानलेवा हमला, कई आरोपी गिरफ्तार

Aug 16, 2025

Bilaspur , 16 अगस्त 2025: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात तोरवा थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश इस्माइल खान और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते राहुल गोस्वामी नामक युवक और उसके दोस्त पर बेसबॉल, डंडे और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा, सरकंडा और सिविल लाइन क्षेत्रों में भी चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

तोरवा में चाकूबाजी, लूटपाट का आरोप
जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा निवासी राहुल गोस्वामी और सिरगिट्टी के आदतन बदमाश इस्माइल खान के बीच पुरानी रंजिश थी। गुरुवार रात राहुल अपने एक दोस्त के साथ तोरवा क्षेत्र के तितली चौक गया था। तभी इस्माइल खान ने अपने साथियों अमन, गुलशन, अभय चौहान, रिजवान, सम्मी खान, इमरान और कुणाल के साथ राहुल और उसके दोस्त को घेर लिया। गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने बेसबॉल, डंडे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल राहुल और उसके दोस्त की बुलेट मोटरसाइकिल और रुपये भी लूट लिए गए। राहगीरों की भीड़ जमा होने पर आरोपी फरार हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से राहुल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर किया गया।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तोरवा थाने में हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इस्माइल खान और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

सरकंडा में सब्जी छीलने वाली छिलनी से हमला
इसी तरह, सरकंडा के अशोक नगर में गुरुवार दोपहर चिंटू साहू पर मोहल्ले के ही प्रमोद साहू, उसके भाई प्रदीप साहू और पिता सिद्धराम साहू ने हमला कर दिया। विवाद की शुरुआत शराब के लिए रुपये न देने की बात को लेकर हुई। विवाद बढ़ने पर प्रमोद ने सब्जी छीलने वाली छिलनी से चिंटू के पेट में वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। चिंटू की मामी संगीता साहू की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सिविल लाइन में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प
शुक्रवार को सिविल लाइन क्षेत्र के मिशन अस्पताल कंपाउंड में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों की भीड़ थाने पहुंची और पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है और सात आरोपियों—मिथलेश सेनरी, नतीन सिंह, शाहिद हुसैन, प्रयास सहिस, दिलीप धृतलहरे, रोहन धृतलहरे और रोहित धृतलहरे—को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी है।

हाईकोर्ट की चिंता, पुलिस की नाकामी
बिलासपुर में बढ़ती चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं पर हाईकोर्ट ने भी चिंता जताई है। पिछले सात महीनों में 120 चाकूबाजी और सात हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं। इसके बावजूद पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और शहर में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की है।

पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix