
स्वतंत्रता दिवस पर भिलाई नगर पुलिस की सख्त कार्यवाही: Stunt बाज Bikers, DJ संचालक
भिलाई नगर, जिला दुर्ग — 15 अगस्त 2025 के स्वतंत्रता दिवस पर्व के अवसर पर भिलाई नगर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग ने विशेष अभियान चलाया। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर फिक्स पिकेट्स बनाकर सघन चेकिंग की गई।

पुलिस ने स्टंटबाजी कर रहे 5 बाइकर्स के विरुद्ध यातायात नियम उल्लंघन के मामले में अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपियों के पास से 4 मोटर सायकल और एक एक्टिवा वाहन जब्त की गई।

बिना अनुमति के तीव्र ध्वनि में डीजे साउंड बॉक्स बजाने वाले 2 डीजे संचालकों पर कोलाहल अधिनियम और मोटर यान अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। पुलिस ने एक टाटा डीआई वाहन, एक बोलेरो पिकअप वाहन और 16 नग साउंड बॉक्स जब्त किए।

पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही भी की।
सेन्ट्रल एवेन्यु रोड व सेक्टर 06 रेल चौक के पास पुलिस ने बाइकर्स को अत्यधिक तेज रफ्तार व स्टंट करते हुए पकड़ा, जिसके बाद चालान और प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी दौरान तेज आवाज में डीजे बजा रहे दो मालवाहन भी चेकिंग में पकड़े गए।


