
स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ के कई शहरों में बाइकर्स का उत्पात, पुलिस की सख्त कार्रवाई
कोरबा, छत्तीसगढ़ — स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कोरबा जिले में बाइकर्स ने जमकर उत्पात मचाया। SECL कॉलोनी और मानिकपुर चौकी क्षेत्र में युवकों ने बाइक के साइलेंसर से पटाखे फोड़कर माहौल बिगाड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए 8 युवकों को गिरफ्तार किया और उनकी बाइकें जब्त कर ली गईं।

घटना उस वक्त हुई जब एसपी सिद्धार्थ तिवारी, कलेक्टर अजीत वसंत और वन विभाग के अधिकारी आत्मानंद स्कूल में पौधरोपण कार्यक्रम में जुटे थे। जैसे ही हेलीपैड के पास बाइकर्स ने तेज आवाज में स्टंट किए, कार्यक्रम में खलल पड़ गया। पुलिस और वनकर्मियों ने मिलकर तत्काल कार्रवाई की और बाइकर्स को खदेड़कर 8 को पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइकर्स आए दिन हंगामा करते हैं और रोकने पर उन्हें धमकाने, गाली-गलौज करने की शिकायतें आम हैं। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पकड़े गए युवकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है एवं अन्य आरोपियों की पहचान का काम जारी है।

इसी प्रकार रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र में भी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 9 युवकों को गिरफ्तार किया। ये सभी स्टंट कर वीडियो बना रहे थे और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की फिराक में थे। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में लिया और उनकी बाइकें जब्त कर लीं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



