
Heart Attack से Driver की मौत : होटल में बैठने से पहले ही गिर पड़ा
चांपा (जांजगीर-चांपा)। रविवार को जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां होटल में नाश्ता करने गए एक ड्राइवर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मृतक की पहचान शिवनारायण गढ़ेवाल (48), निवासी शांति नगर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह नैला रोड स्थित नवरंग होटल नाश्ता करने पहुंचा था। जैसे ही उसने कुर्सी खींचकर बैठने की कोशिश की, वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा।
होटल स्टाफ ने तुरंत उसे प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर्स ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सुबह से ही था सीने में दर्द
परिजनों ने बताया कि सुबह 8 बजे से ही शिवनारायण को सीने में दर्द हो रहा था। इसके बावजूद वह रोजमर्रा की तरह काम पर निकल गया था। अचानक मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का कहना है कि यदि वह सुबह ही अस्पताल चले जाते तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

डॉक्टरों की पुष्टि
प्राइवेट अस्पताल के डॉ. लोकेंद्र कश्यप ने बताया कि मृतक को लंबे समय से बीपी और शुगर की समस्या थी। यही कारण हार्ट अटैक की मुख्य वजह बनी। सिटी कोतवाली पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



