
राजस्थान: दौसा में भीषण सड़क हादसा, 11 की मौत, 8 घायल
जयपुर, 13 अगस्त। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना मनोहरपुर के पास तब हुई, जब एक पिकअप वैन सर्विस लेन पर खड़े ट्रक से जा टकराई।
दौसा के पुलिस अधीक्षक सागर ने बताया कि पिकअप वैन में 20 से अधिक लोग सवार थे, जो श्याम और सालासर बालाजी मंदिर के दर्शन करने के बाद उत्तर प्रदेश के एटा स्थित अपने गांव लौट रहे थे। हादसा सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतकों में बच्चों और महिलाओं सहित 12 वर्षीय दिव्या, सीमा (25), शीला (35), सौरभ (28), अंशु (26), पूर्वी (3) और प्रियंका (25) शामिल हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और जिला प्रशासन को घायलों के शीघ्र व उचित इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य नेताओं ने भी इस हृदयविदारक घटना पर संवेदना व्यक्त की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



