
कांकेर में Girlfriend-Boyfriend ने की चोरी, 2 लाख का माल बरामद
कांकेर जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र में प्रेमी जोड़े द्वारा की गई चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवती करुणा पटेल (22) और उसके बॉयफ्रेंड ताम्रध्वज विश्वकर्मा (24) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर पड़ोसी के घर से 2 लाख रुपये के कैश और जेवरात चोरी करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, करुणा और ताम्रध्वज के बीच 2019 से प्रेम संबंध चल रहा था। ताम्रध्वज को बाइक खरीदने के लिए पैसों की जरूरत थी, जिसके चलते दोनों ने चोरी की योजना बनाई। 8 अगस्त को पीड़ित कन्हैया पटेल सब्जी बेचने बाजार गया था। रात 8 बजे लौटने पर उसने घर का ताला टूटा पाया और अलमारी में रखे 95 हजार रुपये कैश और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। अगले दिन उसने हल्बा चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के दिन दोनों आरोपी संदिग्ध रूप से गांव में घूमते देखे गए थे। पूछताछ में करुणा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वारदात दोपहर 2 बजे अंजाम दी गई थी। उस समय ताम्रध्वज घर के बाहर निगरानी कर रहा था जबकि वह अंदर से कैश और जेवरात निकाल रही थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का मंगलसूत्र, मराठी माला, कान के टॉप्स, चांदी की करधनी, पायल और कैश बरामद किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का माल बरामद कर लिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



