
Durg पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान: 181 गुमशुदा बच्चों को परिवार से मिलाया, राज्य में प्रथम स्थान
दुर्ग, 09 अगस्त 2025: दुर्ग पुलिस ने गुमशुदा बच्चों की तलाश और दस्तयाबी के लिए जुलाई 2025 में चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान अभियान में शानदार उपलब्धि हासिल की है। इस अभियान के तहत कुल 181 बच्चों (31 बालक और 150 बालिकाओं) को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को उनकी खोई हुई खुशियां लौटाई गईं। इस सफलता के साथ दुर्ग पुलिस ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत दुर्ग पुलिस ने गुमशुदा बच्चों को खोजने के लिए विशेष रणनीति बनाई। प्रत्येक मामले की गहन समीक्षा के बाद, बच्चों के परिजनों, रिश्तेदारों और मित्रों से संपर्क कर संभावित स्थानों पर पुलिस टीमों को भेजा गया। इस अभियान में न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों जैसे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, राजस्थान, झारखंड, मध्यप्रदेश, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से 28 बच्चों को सकुशल बरामद किया गया।

इस अभियान की सफलता में दुर्ग पुलिस की मेहनत और लगन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) ने इस उपलब्धि के लिए थाना प्रभारियों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। सम्मानित होने वाले थाना प्रभारियों में सुपेला के श्री विजय यादव, जामुल के श्री राजेश मिश्रा, खुर्सीपार के श्री आनंद शुक्ला, पुरानी भिलाई के श्री अंबर भारद्वाज, मिलाई भट्ठी के श्री राजेश साहू, अम्लेश्वर के श्री राम नारायण ध्रुव, नंदनी नगर के श्री पारस सिंह ठाकुर और श्री अमित अंदानी शामिल हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



