
डिजिटल अरेस्ट के जरिए 12.5 लाख की ठगी, फतेहपुर से दो साइबर ठग गिरफ्तार
दुर्ग, 29 जुलाई 2025:
दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेहपुर, उत्तर प्रदेश से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इन ठगों ने CBI और क्राइम ब्रांच के अधिकारी बनकर भिलाई की एक महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 12.5 लाख रुपये की ठगी की थी। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कॉल कन्वर्टर मशीन, लैपटॉप, 105 सिम कार्ड और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह संयुक्त कार्रवाई एसीसीयू और थाना भिलाई नगर की टीम द्वारा की गई।
CBI अधिकारी बनकर की डिजिटल अरेस्ट की साजिश
दिनांक 08.07.2025 को भिलाई के सेक्टर 07 निवासी श्रीमती शोभा झा ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि 01.07.2025 को उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई और कोलकाता क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। उसने श्रीमती झा को धमकाया कि वे मनी लॉन्ड्रिंग और ठगी जैसे अपराधों में संलिप्त हैं, जिनके तहत उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 198, 223, और 420 के तहत कार्रवाई होगी। डर के मारे श्रीमती झा को 5 दिनों तक उनके घर में ही डिजिटल अरेस्ट रखा गया और जेल भेजने की धमकी दी गई।

जमा पूंजी और गहनों से ठगे 12.5 लाख रुपये
आरोपियों ने श्रीमती झा को डराकर उनकी जमा पूंजी और गहनों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखवाकर 12.5 लाख रुपये एकत्र करवाए। इस राशि को आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करवाया गया। ठगों ने झांसा दिया कि जांच के बाद यह राशि वापस कर दी जाएगी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की।
फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़
पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला कि फतेहपुर, उत्तर प्रदेश में फर्जी सिम कार्ड की बिक्री के बाद उनका उपयोग साइबर ठगी में किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी अनस खान सिम कार्ड एकत्र कर आरोपी शहबाज उर्फ मोहम्मद फैजल अहमद को उपलब्ध कराता था। फैजल फतेहपुर में किराए के मकान में कॉल कन्वर्टर मशीन और आधुनिक सॉफ्टवेयर के जरिए एक साथ 90 से 100 सिम कार्ड का उपयोग कर ठगी करता था। यह सॉफ्टवेयर आरोपियों की पहचान छुपाने में मदद करता था, जिससे तकनीकी जांच जटिल हो जाती थी।

तकनीकी विश्लेषण से पकड़े गए आरोपी
साइबर सेल की तकनीकी टीम ने मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का विश्लेषण कर आरोपियों को चिह्नित किया। फतेहपुर में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 3 कॉल कन्वर्टर मशीन, 1 लैपटॉप, 105 सिम कार्ड, और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई नगर में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना नेवई से उप निरीक्षक सुरेंद्र तारम, एसीसीयू से प्र.आर. मेघराज चेलक, आर. जावेद हुसैन, जुगनू सिंह, और थाना भिलाई नगर से पोषण चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
आरोपियों के नाम:
- शहबाज उर्फ मोहम्मद फैजल अहमद, पता: मवाना, मेरठ, उत्तर प्रदेश
- अनस खान, पता: सिविल लाइन, फतेहपुर, उत्तर प्रदेश
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



