
रायपुर में देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़, दो और गिरफ्तार
रायपुर, 28 जुलाई 2025:
रायपुर पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रोफेसर कॉलोनी में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के इस प्रकरण में अब तक कुल पांच लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
मुखबीर की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
23 जुलाई 2025 को मुखबीर की सूचना और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुरानी बस्ती पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने प्रोफेसर कॉलोनी, रायपुर में एक मकान पर छापा मारा। इस कार्रवाई में आकाश साहू, कृष्णु दास और एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन जप्त किए गए और थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 283/25, धारा 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ से मिला अन्य आरोपियों का सुराग
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में देह व्यापार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली। आरोपियों ने बोरियाकला, मुजगहन निवासी भूपेंद्र उर्फ गोपालू और एक अन्य महिला का नाम बताया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ा। उनके मोबाइल फोन की जांच में देह व्यापार में संलिप्तता की पुष्टि होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से मोबाइल फोन जप्त किए गए और उक्त प्रकरण में कार्रवाई की गई।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में भूपेंद्र उर्फ गोपालू (27 वर्ष, शांति चौक, बोरियाकला, मुजगहन) और एक अन्य महिला शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से देह व्यापार जैसे संगठित अपराधों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज से इस तरह के अपराधों को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



