
रायपुर में ताश के विवाद में युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के थाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सड्डू के बैरागी डेरा में ताश खेलने के पुराने विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुराने विवाद ने ली जान
मृतक देवेंद्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा (निवासी: कटोरा तालाब, रायपुर) पिछले एक साल से बैरागी डेरा, सड्डू में अपनी मुंहबोली बहन के मकान में रह रहा था। वह खिलौनों का व्यवसाय करता था। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात करीब 11 बजे गौरा चौरा में शराब के नशे में राजा और आरोपी अर्जुन बैरागी (24 वर्ष) के बीच ताश के पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौच और मारपीट हो गई। इस दौरान अर्जुन ने राजा पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद अर्जुन के भाई डाडो और साहिल ने भी राजा पर हमला किया और तीनों मौके से फरार हो गए।

बदले की आग में गई जान
घटना के बाद राजा, बदला लेने के इरादे से हॉकी स्टिक लेकर अर्जुन के घर पहुंचा। वहां अर्जुन ने अपने घर की पहली मंजिल से एक भारी सीमेंट पोल का टुकड़ा राजा के सिर पर फेंक दिया। इस हमले में राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मृतक के भाई भागचंद चंदवानी की शिकायत पर थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 365/25, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एक संयुक्त पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी अर्जुन बैरागी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। फरार दो अन्य आरोपियों डाडो और साहिल की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
- नाम: अर्जुन बैरागी
- पिता का नाम: गोकुल बैरागी
- उम्र: 24 वर्ष
- पता: बैरागी डेरा, सड्डू, कैपिटल सिटी, थाना विधानसभा, रायपुर
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विधानसभा निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह राजपूत, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, प्र.आर. पुष्पराज परिहार, धनंजय गोस्वामी, अनिल राजपूत, गौरीशंकर साहू और सउनि. विष्णु प्रसाद वर्मा की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि फरार आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



