
डोंगरगांव में डाकपाल के घर चोरी, 1.22 लाख रुपये ले उड़े चोर
राजनांदगांव: जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला डोंगरगांव थाना क्षेत्र के आमगांव से सामने आया है, जहां पोस्ट ऑफिस में डाकपाल के पद पर कार्यरत कर्मचारी के घर से अज्ञात चोर ने 1 लाख 22 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्ट ऑफिस के लिए लाए थे रुपये
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता कमलेश्वर भुआर्य, जो आमगांव में रहते हैं और पोस्ट ऑफिस में डाकपाल के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उनके घर के बाहरी कमरे में ही पोस्ट ऑफिस संचालित होता है। उन्होंने बांधाबाजार से लेन-देन के लिए 1 लाख रुपये लाए थे, जिसे उन्होंने अपने बेडरूम में रखी पेटी में सुरक्षित रखा था।

रातों-रात चोरों ने दिया घटना को अंजाम
कमलेश्वर ने बताया कि अज्ञात चोर ने रात के समय उनके बेडरूम में रखी पेटी से 1 लाख 22 हजार रुपये चुरा लिए और फरार हो गया। सुबह जब उन्हें चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत डोंगरगांव पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद डोंगरगांव पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है और चोरी के इस मामले को सुलझाने के लिए तत्परता से काम कर रही है।
जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



