
रायपुर में मोबाइल चोरी गिरोह का पर्दाफाश, झारखंड-पश्चिम बंगाल के 6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। जिला पुलिस ने एक संगठित मोबाइल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए झारखंड और पश्चिम बंगाल के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देशभर के विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर बाजारों से मोबाइल फोन चोरी करता था और चोरी किए गए फोन से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए लाखों रुपये उड़ा लेता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, 1 लाख रुपये और 10 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
गुढ़ियारी में हुई थी चोरी की शुरुआत
घटना का प्रारंभ रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के पहाड़ी चौक सब्जी मंडी से हुआ, जहां 22 जून 2025 को प्रार्थी मुन्नालाल पटेल का ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन चोरी हो गया था। चोरों ने उनके फोन से फोन-पे के माध्यम से 99,000 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर लिया। इस घटना की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
तीन चरणों में काम करता था गिरोह
पुलिस जांच में पता चला कि यह गिरोह तीन अलग-अलग समूहों में काम करता था। पहला समूह बाजारों में मोबाइल चोरी करता था, दूसरा समूह चोरी किए गए फोन से पश्चिम बंगाल में अपने साथियों के खातों में पैसे ट्रांसफर करता था, और तीसरा समूह ATM के जरिए पैसे निकालकर झारखंड भेजता था। यह गिरोह संगठित तरीके से अपराध को अंजाम देता था।

पश्चिम बंगाल और झारखंड में छापेमारी
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढ़ियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल और झारखंड में हफ्तों तक कैंप कर छापेमारी की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और साइबर विंग की तकनीकी मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मुकेश कुमार के बैंक खाते की जानकारी के आधार पर शेख सुलेमान उर्फ राजन और अंकित शर्मा को पकड़ा, जिनसे गिरोह की पूरी कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ।
करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का खुलासा
आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन की जानकारी मिली। गिरोह का नेटवर्क बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक फैला हुआ था। पुलिस ने सभी संबंधित राज्यों को इसकी जानकारी साझा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आरोपियों से बरामद सामान
पुलिस ने गिरफ्तार 6 आरोपियों—विकास महतो, यासीन कुरैशी, शेख सुलेमान उर्फ राजन, अंकित शर्मा, सोनू कुमार मंडल और पिंटू कुमार मोहले—के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, 1 लाख रुपये नकद और 10 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 327/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, संगठित अपराध के तहत अलग से कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सतर्कता और कार्रवाई
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, क्राइम संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक उरला पूर्णिमा लामा और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिरों की मदद से इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया।
पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर, परेश कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी सहित अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



