March 2, 2026
छत्तीसगढ़ में चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, 33 जिलों में चक्काजाम

छत्तीसगढ़ में चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, 33 जिलों में चक्काजाम

Jul 22, 2025

रायपुर, 22 जुलाई 2025:

छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी चक्काजाम किया। राज्य के 33 जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर बीजेपी सरकार, अडाणी समूह और ED के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रायपुर से लेकर सरगुजा, बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर तक कांग्रेसी सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया।

रायपुर में भूपेश बघेल ने किया चक्काजाम

रायपुर के VIP रोड पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता सड़क पर बैठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा, “यह बीजेपी की बदले की राजनीति है। हमारी लड़ाई सच्चाई के लिए है।” प्रदर्शन के कारण रायपुर में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

सरगुजा में अनोखा विरोध, रघुपति राघव के साथ नारेबाजी

सरगुजा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बारिश के बीच अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज किया। कार्यकर्ताओं ने भजन “रघुपति राघव राजा राम” गाते हुए बीजेपी सरकार और ED के खिलाफ नारे लगाए। साथ ही पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

बिलासपुर और पेंड्रा में भी उग्र प्रदर्शन

बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर के नीचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया, जिससे रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर यातायात ठप हो गया। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं, पेंड्रा में बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर और पुतला फूंककर विरोध जताया। धरसींवा में भी टायर जलाने की घटना सामने आई।

सत्यनारायण शर्मा का बयान: बच्चों को क्यों बनाया निशाना?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर बदला लेना है, तो हमसे लीजिए। बच्चों को परेशान करना कहां की राजनीति है?” उन्होंने ED की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि यह कांग्रेस नेताओं को दबाने की साजिश है।

क्यों हो रहा है विरोध?

18 जुलाई को ED ने भिलाई से चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था। ED का आरोप है कि शराब घोटाले से प्राप्त काले धन को चैतन्य ने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश किया। इस मामले में रायपुर की विशेष अदालत ने चैतन्य को 22 जुलाई तक 5 दिन की ED रिमांड पर भेजा है। कांग्रेस इसे बीजेपी की साजिश करार दे रही है।

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने नहीं दिया समर्थन

छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कांग्रेस के इस आर्थिक नाकेबंदी और चक्काजाम का समर्थन करने से इनकार कर दिया है। चैंबर ने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन से आम जनता को परेशानी होती है और व्यापार प्रभावित होता है।

प्रदेशव्यापी प्रदर्शन से जनजीवन प्रभावित

कांग्रेस के चक्काजाम के कारण राज्य के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभागों में सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा। कांग्रेस का कहना है कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक चैतन्य बघेल को रिहा नहीं किया जाता।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix