
साइबर ठगों ने रिटायर्ड कर्मचारी से की 32 लाख की ठगी, Digital Arrest का दिखाया डर
जांजगीर-चांपा। जिले में साइबर अपराधियों ने एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को अपने जाल में फंसाकर 32.54 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग और डिजिटल अरेस्ट के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित से छह अलग-अलग लेनदेन के जरिए यह राशि हड़प ली। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी वारंट भेजकर बनाया दबाव
जानकारी के अनुसार, शंकर नगर कॉलोनी निवासी तुषारकर देवांगन, जो सिंचाई विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी हैं, को साइबर ठगों ने व्हाट्सएप के जरिए निशाना बनाया। ठगों ने पीड़ित को एक फर्जी केनरा बैंक का एटीएम दिखाया और दावा किया कि उनका नाम मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में सामने आया है। साथ ही, उनके बैंक खातों की जांच चल रही है। ठगों ने फर्जी डिजिटल अरेस्ट वारंट भेजकर पीड़ित पर कार्रवाई का डर बनाया और उनसे पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।

छह किस्तों में ट्रांसफर कराए 32 लाख
साइबर अपराधियों ने रिटायर्ड कर्मचारी को डराने के लिए कई हथकंडे अपनाए। उन्होंने छह अलग-अलग किस्तों में कुल 32 लाख 54 हजार 996 रुपये ट्रांसफर करवाए। यह राशि चार अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई गई, जिसमें दो बार फोन पे के माध्यम से भी लेनदेन किया गया। ठगों की चालाकी का शिकार हुए पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने तुरंत कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और ठगों तक पहुंचने के लिए लेनदेन के विवरण और व्हाट्सएप नंबर की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।
साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी
यह घटना एक बार फिर साइबर ठगी के बढ़ते मामलों की ओर इशारा करती है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान नंबरों से आने वाले कॉल्स और मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी तरह के डिजिटल अरेस्ट या मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर धमकी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। साथ ही, बैंक खाते या व्यक्तिगत जानकारी कभी भी अनजान लोगों के साथ साझा न करें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



