March 6, 2026
बिलासपुर में रईसजादों का हाईवे पर हंगामा: नई कारों का जश्न, जाम और जुर्माना

बिलासपुर में रईसजादों का हाईवे पर हंगामा: नई कारों का जश्न, जाम और जुर्माना

Jul 21, 2025

बिलासपुर, 21 जुलाई 2025:

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कुछ रसूखदार युवकों ने नेशनल हाईवे-130 को अपनी लग्जरी कारों से जाम कर दिया। नई कार खरीदने का जश्न मनाने के लिए इन युवकों ने बीच सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर ड्रोन से वीडियो शूट कराया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने छह युवकों पर 12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और उनके ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने का दावा किया, लेकिन उनके नाम और गाड़ियों के नंबर सार्वजनिक नहीं किए गए।

हाईवे पर जश्न, जनता परेशान

इस घटना में शामिल युवकों में वेदांश शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, यशवंत, दुर्गेश ठाकुर, विपिन वर्मा और अभिनव पांडेय शामिल हैं। ये सभी रतनपुर रोड पर नेशनल हाईवे पर अपनी लग्जरी कारों का काफिला लेकर पहुंचे थे। वेदांश शर्मा, जो एक भाजपा नेता के करीबी और पूर्व कांग्रेस नेता विनय शर्मा के बेटे हैं, ने दो नई महंगी कारें खरीदी थीं। इस जश्न को यादगार बनाने के लिए उन्होंने टोयोटा शो रूम में अलग-अलग पोज में वीडियो बनवाया और फिर हाईवे पर गाड़ियां खड़ी कर रील्स शूट की। इस दौरान ड्रोन और प्रोफेशनल कैमरामैन भी बुलाए गए थे।

पुलिस की कार्रवाई: सिर्फ जुर्माना, FIR नहीं

वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर के SSP रजनेश सिंह ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। रतनपुर रोड पर तैनात प्रभारी एएसआई केके मरकाम और उनकी टीम ने छह गाड़ियों को रोककर प्रत्येक पर 2,000 रुपये का चालान काटा। एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने बताया कि इन युवकों ने खतरनाक ढंग से गाड़ियां लहराते हुए और कट मारकर हाईवे पर जाम लगाया था। हालांकि, पुलिस ने न तो इन युवकों के नाम उजागर किए और न ही गाड़ियों के नंबर सार्वजनिक किए। एसएसपी ने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अभी तक केवल जुर्माना और लाइसेंस सस्पेंशन के लिए RTO को प्रतिवेदन भेजने की बात सामने आई है।

सोशल मीडिया पर रील्स, फिर डिलीट

जश्न और अपना रुतबा दिखाने के लिए वेदांश शर्मा ने यह वीडियो अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर शेयर किया था। लेकिन, वीडियो के वायरल होने और विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपनी आईडी ही डिलीट कर दी। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह वीडियो अब भी जमकर शेयर हो रहा है, लेकिन उनकी आईडी अब सर्च में नहीं दिख रही।

पहले भी जाम पर सख्ती, लेकिन इस बार नरमी?

हाल ही में तखतपुर में कुछ युवकों ने अपनी समस्याओं को लेकर सड़क जाम की थी और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का काफिला रोक दिया था। तब पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर उन युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन, इस मामले में नेशनल हाईवे जाम करने वाले रसूखदार युवकों पर सिर्फ जुर्माने की कार्रवाई की गई, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि क्या प्रभावशाली लोगों को छूट दी जा रही है?

यातायात नियमों की अपील

एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने कहा कि खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाना न केवल खुद के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जोखिम भरा है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix