
कर्नाटक: पूर्व मंत्री के बेटे पर रेप का आरोप, पिता ने दी पीड़िता के परिवार को धमकी
बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व मंत्री प्रभु चौहान के बेटे प्रतीक चौहान के खिलाफ रेप, धमकी और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। बीदर महिला पुलिस स्टेशन में एक युवती ने प्रतीक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बार-बार बलात्कार और शादी का झांसा देने का गंभीर आरोप लगाया है।
शादी का झांसा देकर शोषण
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 25 दिसंबर 2023 को प्रतीक चौहान के साथ उसकी सगाई हुई थी। इसके बाद प्रतीक ने शादी का वादा कर उसका लगातार यौन शोषण किया। पीड़िता का दावा है कि प्रतीक ने बेंगलुरु, लातूर (महाराष्ट्र) और शिरडी के निजी होटलों सहित कई जगहों पर उसके साथ बार-बार रेप किया। उसने यह भी बताया कि जब वह यौन संबंधों के लिए मना करती, तो प्रतीक उसे शादी न करने की धमकी देता था।
लातूर में भी ज़बरदस्ती
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि प्रतीक उसे करीब तीन बार लातूर ले गया और हर बार उसके साथ ज़बरदस्ती की।

पीड़िता के अनुसार, प्रतीक ने उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया और शादी का भरोसा दिलाकर उसे बार-बार धोखा दिया।
परिवार को दी गई धमकी
मामला तब और गंभीर हो गया, जब 5 जुलाई 2025 को पीड़िता और उसका परिवार शादी की तारीख तय करने के लिए प्रतीक के घर पहुंचा। वहां कथित तौर पर उन्हें अपमानित कर भगा दिया गया। पीड़िता के अनुसार, प्रतीक और उसके परिवार ने कहा, “हम तुम्हारी बेटी से शादी नहीं करेंगे, जो चाहे कर लो।” इसके साथ ही पूर्व मंत्री प्रभु चौहान ने भी पीड़िता के परिवार को धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पीड़िता की शिकायत के आधार पर बीदर पुलिस ने प्रतीक चौहान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (एन) (बार-बार बलात्कार), 366 (शादी के लिए अपहरण), 324 (चोट पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की उम्मीद है
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



