
हाथी के उत्पात से भैंस की मौत, ग्रामीणों में दहशत
रायगढ़। जिले के सिथरा गांव में एक हाथी ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथी ने एक कच्चे मकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया और वहां बंधी भैंस पर हमला कर उसकी मौत का कारण बन गया। साथ ही घर में रखा अनाज भी नष्ट कर दिया। यह घटना छाल रेंज के अंतर्गत हुई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
घटना का विवरण
18 जुलाई की रात सिथरा गांव में प्रहलाद राठिया के कच्चे मकान में हाथी ने घुसकर दीवार को ध्वस्त कर दिया। घर के गाय कोठा में बंधी भैंस पर हमले के साथ-साथ हाथी ने एक बोरी धान को खा लिया और बाकी को बिखेर दिया। ग्रामीणों के हल्ला मचाने पर हाथी रात में ही जंगल की ओर लौट गया। सुबह वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवार को सहायता के लिए प्रक्रिया शुरू की।

हाथी की तलाश में बस्ती तक पहुंचा
बताया जा रहा है कि भोजन की तलाश में जंगल से निकला यह हाथी बस्ती तक जा पहुंचा। ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी, तो उन्होंने शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की। लेकिन, इस दौरान हाथी प्रहलाद राठिया के घर में घुस गया और नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों में इस घटना से दहशत का माहौल है।
जिले में हाथियों की संख्या
वन विभाग की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, रायगढ़ जिले के जंगलों में कुल 136 हाथी मौजूद हैं। इनमें से धरमजयगढ़ वन मंडल में 88 और रायगढ़ वन मंडल में 48 हाथी हैं। सबसे अधिक हाथी बाकारूमा रेंज के तेजपुर और छाल रेंज के बेहरामार में 25-25 की संख्या में हैं। इसके अलावा कापू रेंज के कुमा बीट में 13, रायगढ़ रेंज के कांटाझरिया बीट में 16, तमनार रेंज के हिंझर में 13 और घरघोड़ा रेंज के कटंगडीह में 10 हाथी मौजूद हैं।
वन विभाग की कार्रवाई
घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की है। प्रभावित परिवार को मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की गई है, और क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



