
बलौदाबाजार में 5 लाख की अवैध शराब जब्त, आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
बलौदाबाजार: जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का सख्त रुख जारी है। इसी कड़ी में एक बड़ी कार्रवाई के तहत विभाग ने 5 लाख रुपये से अधिक कीमत की अवैध शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
आबकारी विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम चौरेंगा निवासी चूरन वर्मा के कोठार (बाड़ी) में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे से 106 पेटियां, जिसमें कुल 5088 पाव (915.84 बल्क लीटर) नॉन ड्यूटी पेड देसी मसाला शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5,08,800 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सिमगा सर्किल प्रभारी मनराखन नेताम ने बताया कि आरोपी चूरन वर्मा, पिता बिसौहा वर्मा, द्वारा अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब का भंडारण किया गया था। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) और 36 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालयीन अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
इस माह की चौथी बड़ी कार्रवाई
आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ यह इस माह की चौथी बड़ी कार्रवाई है। विभाग ने जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है।
आबकारी विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



