
मारपीट और दबंगई के दो आरोपी 03 साल बाद गिरफ्तार
18 जुलाई 2025
दुर्ग, थाना जामुल पुलिस ने एक पुराने मामले में सक्रियता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पिछले तीन वर्षों से फरार थे। यह कार्रवाई घासीदास नगर, जामुल में हुई मारपीट और दबंगई की घटना से संबंधित है।
घर में घुसकर की थी मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सिद्धार्थ कुमार गुप्ता, निवासी घासीदास नगर, जामुल ने 19 जुलाई 2023 को थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मोहल्ले के प्रिंस कुमार और भूपेंद्र कुमार टंडन उर्फ राजू उनके घर के दरवाजे के पास खाने-पीने की गतिविधि कर रहे थे। प्रार्थी द्वारा मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरदस्ती उनके घर में घुसकर लोहे की रॉड और बेसबॉल बैट से मारपीट की, जिससे प्रार्थी को गंभीर चोटें आईं।

तीन साल बाद पुलिस ने दबोचा
शिकायत के आधार पर थाना जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 249/2023 के तहत धारा 452, 294, 506, 323, और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी प्रिंस कुमार और भूपेंद्र कुमार टंडन उर्फ राजू अपना ठिकाना छोड़कर फरार हो गए थे। जामुल पुलिस ने लगातार उनकी तलाश जारी रखी और अंततः 18 जुलाई 2025 को घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट की घटना को स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और बेसबॉल बैट को पुलिस ने उनके कब्जे से बरामद किया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों, प्रिंस कुमार (27 वर्ष, निवासी पुराना पंप हाउस, घासीदास नगर) और भूपेंद्र कुमार टंडन उर्फ राजू (25 वर्ष, निवासी दुर्गा मंच के पास, घासीदास नगर) को 18 जुलाई 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में सउनि अजय सिंह, प्र.आर. मनीष थापा, और आर. जी. सामुएल की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



