
रायपुर पुलिस का नशे पर प्रहार: हिस्ट्रीशीटर प्रदीप चन्द्राकर 4.5 किलो गांजा और 9 लाख नकदी के साथ पकड़ा गया
रायपुर, 18 जुलाई 2025:
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अभनपुर क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। हिस्ट्रीशीटर अपराधी प्रदीप चन्द्राकर को 4.5 किलोग्राम गांजा और 9 लाख रुपये की नकदी के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना अभनपुर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में 18 जुलाई 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि अभनपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा लेकर बस स्टैंड से उपरपारा की ओर जा रहा है। इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नवा रायपुर) विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक (नवा रायपुर) कर्ण कुमार उके ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन के पास रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना अभनपुर की संयुक्त टीम ने उपरपारा स्थित रेलवे स्टेशन डबरी के पास संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप चन्द्राकर, निवासी उपरपारा, अभनपुर बताया। उसके थैले की तलाशी लेने पर उसमें गांजा मिला। प्रदीप ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने घर में भी गांजा छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली।

भारी मात्रा में गांजा और नकदी बरामद
पुलिस ने प्रदीप चन्द्राकर के कब्जे से कुल 4.5 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 9 लाख रुपये की नकदी बरामद की। जप्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग 9,52,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 266/25, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
हिस्ट्रीशीटर है आरोपी प्रदीप चन्द्राकर
48 वर्षीय प्रदीप चन्द्राकर थाना अभनपुर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, चोरी, नकबजनी, आबकारी एक्ट, जुआ एक्ट सहित विभिन्न अपराधों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक सत्येंद्र सिंह श्याम (थाना प्रभारी, अभनपुर), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय, प्र.आर. कृपासिंधु पटेल, अविनाश देवांगन, गौरी शंकर साहू, उपनिरीक्षक बी.के. सोम, प्र.आर. बलराम ध्रुव, मुलायम सिंह कुंजाम और म.आर. निम्मी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उनकी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



