
93 लाख के तेंदूपत्ता घोटाले में 10 आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
राजनांदगांव। जिले में 93 लाख रुपये से अधिक के तेंदूपत्ता घोटाले ने वन विभाग में हड़कंप मचा दिया है। इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में FIR दर्ज की गई है, लेकिन सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस अब सबूत जुटाने के साथ-साथ आरोपियों पर नजर रख रही है।
गुरुकृपा गोदाम में हुई गड़बड़ी
वर्ष 2021 में राजनांदगांव के गुरुकृपा गोदाम में भैरमगढ़ समिति के तेंदूपत्ते का भंडारण किया गया था। आरोप है कि व्यापारी ने वन विभाग के तत्कालीन अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर गोदाम में रखे 78 बोरों में भरे अच्छी quality के तेंदूपत्ते को निकालकर उसकी जगह खराब quality का तेंदूपत्ता डाल दिया। इस गड़बड़ी से वन विभाग को 93 लाख 34 हजार 487 रुपये का नुकसान हुआ।
जांच में सामने आया घोटाला
मामले की शिकायत के बाद वन विभाग ने अंबागढ़ चौकी के तत्कालीन उप मंडलाधिकारी शिवेंद्र कुमार साहू की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की। समिति ने गहन जांच के बाद तेंदूपत्ता बदलने की गड़बड़ी को सही पाया। इसके बाद मुख्य गोदाम प्रभारी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 316(2), 316(5), और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें तेंदूपत्ता व्यापारी सुधीर मानेक, तत्कालीन वन क्षेत्रपाल माखनलाल बंजारे, उप वन क्षेत्रपाल जीवन साल देशमुख, सुरक्षा श्रमिक सुनील ठाकुर, जावेद, दिनेश मारकंडे, निरंजन ठाकुर, ईश्वर साहू, यशवंत धनकर, और तीज मंडावी शामिल हैं।
साल बाद उजागर हुआ घोटाला
सूत्रों के अनुसार, यह घोटाला 2022 में, यानी भंडारण के लगभग एक साल बाद सामने आया। वन मंडल बीजापुर के भैरमगढ़ समिति के तेंदूपत्ते को गुरुकृपा गोदाम में भंडारित किया गया था। गड़बड़ी की शिकायत के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच समिति गठित की, जिसने मामले की पुष्टि की।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रापेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सबूत जुटाने में लगी है और आरोपियों की तलाश में छानबीन कर रही है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं, और पुलिस उनकी लोकेशन का पता लगाने के लिए सक्रिय है।
यह घोटाला न केवल वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, बल्कि सख्त कार्रवाई की मांग को भी तेज करता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



