
Balrampur : 9 महीने की प्रेग्नेंट टीचर से मारपीट का आरोप
बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड स्थित बसकेपी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां 9 महीने की गर्भवती प्रॉबेशनरी टीचर ने स्कूल के प्राचार्य पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि प्राचार्य ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर पेट में घूंसा भी मारा, जिससे उनकी और गर्भस्थ शिशु की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया।
पीड़िता का आरोप
पीड़िता अनिगा लकड़ा, जो स्कूल में भूगोल विषय की व्याख्याता हैं, ने गनेशमोड़ चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, अधिक ठंड के कारण जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। इसी दौरान अनिगा लकड़ा ने 6 जनवरी को ऑनलाइन माध्यम से एक दिन का आकस्मिक अवकाश लिया था।
उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को वे सुबह 10 बजे से पहले ही स्कूल पहुंच गई थीं, इसके बावजूद प्राचार्य ने जानबूझकर उन्हें उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित दर्शाया और जो अन्य दो शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे थे, उन्हें उपस्थित बताया।
पूछताछ पर हुआ विवाद
पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने इस भेदभाव को लेकर प्राचार्य से सवाल किया, तो वे भड़क गए। आरोप है कि इसी दौरान प्राचार्य ने उनके चेहरे पर थप्पड़ मारा और पेट में घूंसा भी दे मारा। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।

शिक्षक संघ का विरोध
इस घटना की छत्तीसगढ़ टीचर एसोसिएशन ने कड़ी निंदा की है। संघ के जिला अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि यह न केवल एक महिला शिक्षक बल्कि एक गर्भवती महिला के साथ अमानवीय व्यवहार है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी प्राचार्य के तत्काल निलंबन की मांग की है।
कार्रवाई की मांग
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो संघ आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



