March 6, 2026
ढाई किमी सड़क में 67 लाख की बंदरबांट! पखवाड़े में उखड़ा डामर, ठेकेदार की मनमानी पर भड़के ग्रामीण

ढाई किमी सड़क में 67 लाख की बंदरबांट! पखवाड़े में उखड़ा डामर, ठेकेदार की मनमानी पर भड़के ग्रामीण

Dec 27, 2025

मुंगेली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़कों की हकीकत एक बार फिर सामने आ गई है। मुंगेली–पंडरिया मुख्य मार्ग से बांकी गांव तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी सड़क के रिनुअल कार्य में भारी अनियमितता का आरोप लगा है। करीब 67 लाख 51 हजार रुपये की लागत से बनी यह सड़क महज पखवाड़ेभर में ही उखड़ने लगी, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह से उखड़ चुकी है और मटेरियल बाहर निकलने लगा है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

विरोध के बावजूद रातों-रात कराया गया काम

बांकी गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के दौरान ही घटिया मटेरियल को लेकर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन ठेकेदार ने उनकी एक न सुनी। ग्रामीणों का कहना है कि विरोध के बावजूद ठेकेदार ने रात के समय तेजी से काम पूरा कर दिया, ताकि किसी तरह की निगरानी न हो सके।

ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

नई सड़क की बदहाली देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और लापरवाह विभागीय अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में तय मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई।

भाजपा नेता ने उठाए सवाल

मामले में भाजपा नेता शिवप्रताप सिंह ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बांकी गांव के करीब 90 फीसदी लोग भाजपा समर्थक हैं, इसके बावजूद यदि यहां ऐसी लापरवाही हो रही है तो अन्य गांवों की स्थिति और भी खराब हो सकती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार पर कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, इस पूरे मामले पर विभाग के कार्यपालन अभियंता परीक्षित सूर्यवंशी ने कहा कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix