
Surguja : 5 गांवों में 2000 से अधिक किसानों के नाम पर फर्जी लोन
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर ब्लॉक अंतर्गत सहकारी समिति केरजू से जुड़ा एक बड़ा फर्जी लोन घोटाला सामने आया है। केरजू समिति से जुड़े पांच गांवों के किसानों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी तरीके से लाखों रुपये का लोन निकाला गया है। इस घोटाले की जानकारी किसानों को तब हुई, जब उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के बाद भुगतान लेने की कोशिश की।

पांच गांवों के किसान प्रभावित
केरजू सहकारी समिति के अंतर्गत केरजू, कुनमेरा, ढोढ़ागांव, बंशीपुर और हरदीडांड गांव आते हैं। इन गांवों के दो हजार से अधिक किसान समिति में रजिस्टर्ड हैं। किसानों का आरोप है कि लगभग सभी के नाम पर बिना जानकारी के लोन दर्ज कर दिया गया।

धान बिक्री की राशि लोन में कर दी गई एडजस्ट
किसानों ने बताया कि धान बेचने के बाद जब वे सहकारी बैंक पेटला में भुगतान लेने पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उनके खातों में कोई राशि नहीं आई है। बैंक से जानकारी मिलने पर सामने आया कि उनके नाम पर पहले से लाखों रुपये का लोन दर्ज है और धान बिक्री की पूरी राशि उसी लोन में एडजस्ट कर दी गई है।
बैंक द्वारा सूची देने से इनकार
किसानों का कहना है कि उन्होंने केरजू समिति से जुड़े ऋणधारी किसानों की सूची सहकारी बैंक से मांगी, लेकिन बैंक प्रबंधन द्वारा सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे किसानों में और अधिक संदेह और आक्रोश है।

कलेक्टर से शिकायत, 200 से अधिक किसान पहुंचे कार्यालय
सोमवार को 200 से अधिक किसान सरगुजा कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। किसानों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने की जांच की मांग
मामले में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत भी किसानों के साथ कलेक्टर से मिले। उन्होंने कहा कि फर्जी लोन का मामला करोड़ों रुपये का हो सकता है और करीब दो हजार से अधिक किसान इससे प्रभावित हैं। किसानों को साल भर की मेहनत के बाद भी धान का पैसा नहीं मिल पा रहा है।
कलेक्टर ने जांच का दिया आश्वासन
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने किसानों को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



