
3200 करोड़ के शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। सौम्या चौरसिया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रह चुकी हैं। इस गिरफ्तारी से प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है

ED कार्यालय में घंटों चली पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, सौम्या चौरसिया को बुधवार सुबह ED के जोनल कार्यालय में पेश होने का नोटिस दिया गया था। तय समय पर उपस्थित होने के बाद उनसे दिनभर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद शाम को ED ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार को न्यायालय में पेशी
ED ने बताया कि गिरफ्तार सौम्या चौरसिया को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। एजेंसी इस दौरान रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा सके।
ACB में दर्ज कराई गई FIR
प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में कहा गया है कि यह कथित शराब घोटाला तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में हुआ था और इसमें बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आई हैं।
IAS अफसर और कारोबारियों पर भी जांच
ED की प्रारंभिक जांच में IAS अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी ए.पी. त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के कथित सिंडिकेट की भूमिका सामने आई है। एजेंसी का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए शराब कारोबार में अवैध वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग की गई।
आगे और हो सकती हैं गिरफ्तारियां
ED सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। घोटाले की परतें खुलने के साथ-साथ राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर इसकी गूंज और तेज होने की संभावना है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



