
Raipur : डे-केयर स्कूल में अमानवीयता, 3 साल की मासूम के साथ मारपीट, CCTV में आया का क्रूर चेहरा कैद
रायपुर। राजधानी रायपुर के हीरापुर रोड स्थित मोहबा बाजार में संचालित एक निजी डे-केयर व प्री-स्कूल में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल की आया पर तीन साल की मासूम बच्ची का सिर दीवार से टकराने और बच्चों को कमरे में बंद करने के आरोप लगे हैं। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।

गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद हुआ बवाल
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में गणतंत्र दिवस थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि जो बच्चे तय ड्रेस में नहीं पहुंचे, उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसी दौरान स्कूल की आया माधुरी ने तीन साल की बच्ची के साथ मारपीट की, जिससे बच्ची का सिर दीवार से टकरा गया और उसमें सूजन आ गई।
CCTV फुटेज ने खोली पोल
पीड़ित बच्ची की मां अंकिता भार्गव ने बताया कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी के दिन वह अपनी बेटी को स्कूल लेकर गई थीं। पूजा कार्यक्रम के दौरान बच्ची को भूख लगने पर टिफिन कराया गया और आया मालती को बच्ची का मुंह धुलाने भेजा गया। कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए लौटी और सिर में सूजन थी। बाद में CCTV फुटेज देखने पर साफ हुआ कि बच्ची का सिर जानबूझकर दीवार से टकराया गया था।
बच्ची ने मां से बताई रोज़ की प्रताड़ना
पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि स्कूल में रोज़ हाथ, पैर या सिर किसी न किसी चीज से टकराया जाता है। इससे पहले भी बच्ची डरी-सहमी रहती थी, लेकिन परिवार को इसकी गंभीरता का अंदाजा अब जाकर हुआ।
अन्य बच्चों के साथ भी किया गया भेदभाव
शिकायतकर्ता के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान ड्रेस में नहीं आने वाले बच्चों को क्लास में बंद कर दिया गया, जबकि ड्रेस पहनकर आए बच्चों को मैदान में कार्यक्रम में शामिल किया गया। अन्य बच्चों के पालकों से संपर्क करने पर भी इस तरह की पुष्टि हुई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
बच्ची के परिजनों की शिकायत पर आमानाका पुलिस ने स्कूल स्टाफ के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) व 125 के तहत मामला दर्ज किया है। आया माधुरी को प्रताड़ना और मारपीट का आरोपी बनाया गया है, जबकि स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



